e-Notice
e-Notice
लखनऊ बार एसोसिएशन, लखनऊ
रजिस्टर्ड संख्या :- (2736/83-84) | पंजीकरण अन्तर्गत अधिनियम संख्या :- (21/1860) | एवं बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश सम्बद्धीकरण सांख्य :- (24/2012)
09, January (2026) ( 11:43 PM )
Subject : लखनऊ बार एसोसिएशन, लखनऊ के 230 सदस्यों की सदस्यता समाप्त करने एवं चन्दा जमा करने के संबंध में समस्त सम्मानित अधिवक्ता बन्धुओं को सूचित किया जाता है
समस्त सम्मानित अधिवक्ता बंधुओं को सूचित किया जाता है कि लखनऊ बार एसोसिएशन, लखनऊ की कार्यकारिणी द्वारा पारित प्रस्ताव के क्रम में दिनांक 25.06.2025 को सूचना सहित एसोसिएशन के 10,191 सदस्यों की सूची जारी की गई थी। उक्त सूची के अनुक्रम में स्क्रूटनी के उपरांत दिनांक 29.08.2025 को 825 ऐसे अधिवक्ताओं की सूची जारी की गई, जिनका नाम बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के अभिलेखों में दर्ज नहीं पाया गया अथवा जिनके नाम, पंजीकरण संख्या एवं सी.ओ.पी. (C.O.P - Certificate of Practice) संख्या गलत अथवा फर्जी पाई गई।
उक्त सूची जारी किए जाने के पश्चात यह संज्ञान में आया कि लखनऊ बार एसोसिएशन, लखनऊ के कार्यालय में रखे गए लेजर में अंकित सी.ओ.पी. एवं पंजीकरण विवरण में कुछ अधिवक्ताओं द्वारा छेड़छाड़ की जा रही थी। इस संबंध में दिनांक 06.09.2025 को सूचना प्रकाशित की गई थी। यह भी पाया गया कि सूची में वर्णित संदिग्ध अधिवक्ता आवश्यक दस्तावेज सही कराने के स्थान पर चंदा जमा कर रहे थे। अतः दिनांक 06.09.2025 से चंदा जमा करने पर रोक लगा दी गई थी। साथ ही यह सुविधा प्रदान की गई थी कि जिन सदस्यों द्वारा दिनांक 31.05.2025 तक नियमित रूप से चंदा जमा किया गया है, उन्हें समस्त आर्थिक लाभ पूर्ववत प्राप्त होते रहेंगे। लखनऊ बार एसोसिएशन, लखनऊ द्वारा अब तक ऐसे सदस्यों को समस्त आर्थिक लाभ प्रदान किए जा चुके हैं।
सदस्यों को विशेष रूप से अवगत कराया जाता है कि उपर्युक्त जारी “सूचना मय सूचियों” दिनांक 25 जून 2025, 29 अगस्त 2025 एवं 06 सितंबर 2025 के क्रम में अब लखनऊ बार एसोसिएशन, लखनऊ के 230 सदस्यों की एक और सूची जारी की जा रही है। एसोसिएशन के लेजर में अंकित विवरण के अनुसार इन 230 सदस्यों का कोई भी रिकॉर्ड बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के अभिलेखों (आधिकारिक वेबसाइट), बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश द्वारा जारी मतदाता सूची अथवा तत्पश्चात जारी अनुपूरक मतदाता सूची में उपलब्ध नहीं है। यह स्थिति इन्हें संदिग्ध/फर्जी अधिवक्ता की श्रेणी में प्रदर्शित करती है।
उक्त 230 सदस्यों की सूची लखनऊ बार एसोसिएशन, लखनऊ के हॉल में चस्पा कर दी गई है तथा उसकी (PDF) पीडीएफ फाइल भी जारी की जा रही है। इन 230 सदस्यों एवं अन्य सभी सदस्यों को सूचित किया जाता है कि यदि उक्त सूची में किसी प्रकार की त्रुटि हो, तो संबंधित सदस्य दिनांक 15.01.2026 तक अपने मूल दस्तावेज प्रस्तुत कर त्रुटि का निवारण करा सकते हैं। दिनांक 16.01.2026 को इन 230 सदस्यों के संबंध में सदस्यता समाप्त करते हुए अंतिम सूची जारी की जाएगी तथा इस संबंध में बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश को पत्र प्रेषित किया जाएगा। इसके उपरांत फर्जी अधिवक्ता मानते हुए बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के माध्यम से अथवा लखनऊ बार एसोसिएशन, लखनऊ द्वारा विधिक कार्यवाही / मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। साथ ही ऐसे व्यक्तियों को भी चिन्हित कर उनके विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी, जो फर्जी दस्तावेजों के आधार पर लखनऊ बार एसोसिएशन, लखनऊ की सदस्यता दिलाने में संलिप्त पाए जाएंगे।
यह भी सूचित किया जाता है कि लखनऊ बार एसोसिएशन, लखनऊ के लेजर में कई अधिवक्ता सदस्यों की सी.ओ.पी. संख्या फर्जी अंकित पाई गई है। ऐसे सदस्यों की सूची पृथक रूप से सत्यापन के पश्चात जारी की जाएगी।
यदि कोई व्यक्ति किसी फर्जी अधिवक्ता के संबंध में कोई सूचना देना चाहता है, तो वह साक्ष्यों सहित लखनऊ बार एसोसिएशन, लखनऊ के कार्यालय में सूचना दे सकता है। सूचना देने वाला व्यक्ति चाहे तो बिना नाम एवं पते के भी सूचना दे सकता है।
साथ ही सदस्यों को यह भी अवगत कराया जाता है कि दिनांक 12.01.2026 (सोमवार) से सदस्यगण अपना-अपना चंदा स्वयं उपस्थित होकर चेक / ऑनलाइन / नकद माध्यम से जमा कर सकते हैं। कोई भी सदस्य अन्य किसी सदस्य का चंदा एकमुश्त जमा नहीं कर सकेगा।
— लखनऊ बार एसोसिएशन, लखनऊ

